Blogger द्वारा संचालित.

Followers

मंगलवार, 2 सितंबर 2014

झरीं नीम की पत्तियाँ (दोहा-गीतों पर एक काव्य) (6) मौसम का उत्पात (ख) रूठ गया ‘मधुमास’

 (सरे चित्र 'गूगल-खोज' से साभार)
    


‘पवन’ चली ‘डाली’ हिली, डर गये ‘पीले पात’ |

सिहर उठे ‘आतंक’ से, सुभग छबीले ‘पात’ ||

पुरखों ने बोये जहाँ, ‘मीठे मीठे आम’ |

उन्हें काट कर बो रहे, हम ‘बबूल उद्दाम’ ||

पोर पोर में चुभ रहे, ‘अन्तर्मन’ को साल |

‘पीडाओं’ के उग रहे, जहाँ तहाँ ‘कंटाल’ ||

किस से जा कर हम कहें, ‘अपने मन की बात’ |

सिहर उठे ‘आतंक’ से, सुभग छबीले ‘पात’ ||१||


‘बीते युग’ की बात है, ‘बसन्त’ का इतिहास |

‘पतझर’ आया ‘बाग’ में, रूठ गया ‘मधुमास’ ||

विकास है ‘सुन्दर’ यथा , ‘नागफनी का फूल’ |

ऊपर ऊपर ‘खुशनुमा’, भीतर पैने ‘शूल’ ||

‘कोहरे’ ने देखो किया, ‘धूमिल, मलिन प्रभात’ |

सिहर उठे ‘आतंक’ से, सुभग छबीले ‘पात’ ||२||


यों तो चारो ओर हैं, महके हुये “प्रसून” |

पर इन के मन में छुपा, चुभता हुआ ‘जुनून’ ||

इस ‘पश्चिमी विकास’ ने, दी है ऐसी चोट |

‘सम्बन्धों’ में चुभ रही, ‘लालच’ भरी ‘कचोट’ ||

‘मानवता’ पर हो गया, है निर्मम ‘आघात’ |

सिहर उठे ‘आतंक’ से, सुभग छबीले ‘पात’ ||३|


|





सोमवार, 1 सितंबर 2014

झरीं नीम की पत्तियाँ (दोहा-गीतों पर एक काव्य) (6) मौसम का उत्पात (क) ‘पीले पत्ते’

 (सरे चित्र 'गूगल-खोज' से साभार)
    


‘भौतिक सुख’ छूने लगे, हैं ‘ऊँचा आकाश |
थोड़ा ‘मन’ का भी करो, मेरे मित्र ‘विकास’ !!
‘मधुवन’ में ऐसा हुआ, ‘मौसम का उत्पात’ |
‘पीले’ होकर झर गये, ‘सुन्दर सुन्दर पात’ ||
‘स्वप्न-सरोवर’ पर हुआ, ‘निर्मम उल्का पात’ |
जले ‘कामना’ के सभी, ‘जलजातों’ के ‘गात’ ||
सहमे सहमे थम गये, ‘कुमुदिनियों’ के ‘हास’ |
थोड़ा ‘मन’ का भी करो, मेरे मित्र ‘विकास’ ||१!!



‘नागफनी’ आज़ाद है, है काँटों का ‘राज’ |
मुरझाए ‘चम्पा-कुसुम’,और ‘मोगरे’ आज ||
‘हंस’ कहीं जा सो गये, जागा ‘गिद्ध-समाज’ |
इसी लिये तो हो गया, ‘आतंकों का राज‘ ||
‘अपनी छाया’ पर नहीं, रहा तनिक विशवास |
थोड़ा ‘मन’ का भी करो, मेरे मित्र ‘विकास’ ||२!!



‘धर्म-जाति’ के लिये, क्यों, रखते मन में भेद ?
भेद ‘एकता-धरा’ पर, बो देता है ‘खेद ||
द्वेष से मन में सदा, ऐसे उपजा भेद |
जैसे कीड़े ने किया, ‘मीठे फल’ में छेद ||
‘स्वतंत्रता-उद्यान’ में, ‘कलह’ ‘कंटीली घास’ |
थोड़ा ‘मन’ का भी करो, मेरे मित्र ‘विकास’ !!३!!




About This Blog

साहित्य समाज का दर्पण है |ईमानदारी से देखें तो पता चलेगा कि, सब कुछ मीठा ही तो नहीं , कडवी झाडियाँ उगती चली जा रही हैं,वह भी नीम सी लाभकारी नहीं , अपितु जहरीली | कुछ मीठे स्वाद की विषैली ओषधियाँ भी उग चली हैं | इन पर ईमानदारी से दृष्टि-पात करें |तुष्टीकरण के फेर में आलोचना को कहीं हम दफ़न तो नहीं कर दे रहे हैं !!

मेरे सभी ब्लोग्ज-

प्रसून

साहित्य प्रसून

गज़ल कुञ्ज

ज्वालामुखी

जलजला


  © Blogger template Shush by Ourblogtemplates.com 2009

Back to TOP