Blogger द्वारा संचालित.

Followers

गुरुवार, 3 जुलाई 2014

झरीं नीम की पत्तियाँ (दोहा-गीतों पर एक काव्य) (२)सरस्वती-वन्दना (ग)‘काव्यांग-समंजन’ (ii) संयत ‘छन्द-विधान’ |

(सारे चित्र 'गूगल-खोज' से साभार)                                

                  
                                           
            
‘काव्य-कला’ का दो मुझे, माता ! समुचित ज्ञान !
सदा तुम्हारा करूँगा, ‘सेवक’ बन ‘गुण-गान’ !!
मेरी ‘’रचना धर्मिता’, दे सबको ‘आल्हाद’ !
मेरा मन सन्तुष्ट हो, माँ ! ‘लेखन’ के बाद !!
‘कविता’ कैसी  भी जननि !, ‘तुकान्त’ या ‘अतुकान्त’ !
पढ़ने में अच्छी लगे, करे ‘चित्त’ को ‘शान्त’ !!
‘मर्यादा-सम्पन्न’ हो, संयत ‘छन्द-विधान’ !
सदा तुम्हारा करूँगा, ‘सेवक’ बन ‘गुण-गान’ !!१!!
अम्ब ! तुम्हारे ‘पद’ गिरूँ, ‘चरण’ करूँ स्पर्श !
‘कविता’ के ‘पद’ औ ‘चरण’, दें पाठक को हर्ष !!
‘तुक’ न कहीं ‘बेतुकी’ हो, और न ‘अर्थ’-विहीन !
‘गति-यति’ कभी न ‘भंग’ हो, यथा ‘कनसुरी बीन’ !!
माँ ! ‘पिंगल’ का बोध कुछ, मुझ को करो प्रदान !
सदा तुम्हारा करूँगा, ‘सेवक’ बन ‘गुण-गान’ !!२!!


कहीं ‘मात्रिक’ तो कभी, कहीँ ‘वार्णिक छन्द’ |
‘गीत-गज़ल’ जो भी रचें, दे सब को ‘आनन्द’ !!
मेरी ‘रचनायें’ करें, सबको ‘भाव-विभोर’ !
जैसे होता ‘ईख’ का, है ‘मीठा’ हर ‘पोर’ ||
‘काव्य’ मेरा बन सके, माँ ! तेरी ‘पहँचान’ !
सदा तुम्हारा करूँगा, ‘सेवक’ बन ‘गुण-गान’ !!३!!



बुधवार, 2 जुलाई 2014

झरीं नीम की पत्तियाँ (दोहा-गीतों पर एक काव्य) (२)सरस्वती-वन्दना (ग)‘काव्यांग-समंजन’(i)करो मुझे तुम धन्य !

आकर्षित सब को करे, ‘काव्य-कला-सौजन्य’ !
हे माँ ! मुझ पर कृपा कर, करो मुझे तुम धन्य !!
‘शब्द-अर्थ’ से सजें माँ, कविताओं के अंग !
‘अलंकार’ सब तरह के, भरते रहें ‘उमंग’ !!
लदे न इतना भी अधिक, ‘अलंकार’ का ‘बोझ’ !
जिससे दब जाये अधिक, ‘कविताओं’ का ‘ओज’ !!
और इस तरह ‘काव्य’ हो, रोचकता-सम्पन्न !
हे माँ ! मुझ पर कृपा कर, करो मुझे तुम धन्य !!१!!


माँ ! ‘माधुर्य-प्रसाद’ औ, ‘ओज’-‘तीन गुण’-सिद्ध !
‘परुषा-गौड़ी-कोमला’, ‘तीन वृत्ति’-समृद्ध ||
और ‘कला’ के साथ में, ‘भाव’ रहे भरपूर !
तथा ‘’कल्पना’ भी रहे, मत ‘यथार्थ’ से दूर !!
पढेँ, सुनें जो ‘काव्य’ को, होते रहें प्रसन्न !
हे माँ ! मुझ पर कृपा कर, करो मुझे तुम धन्य !!२!!
‘रोचकता’ के साथ में, बने रहें ‘आदर्श’ !
‘विमर्श’ हों इस तरह से, मिटें न मन के ‘हर्ष’ !!
विधा ‘काव्य-साहित्य’ की, हो विचार-अनुकूल !
‘नौका-साधन’ विधा है, मुख्य ‘साध्य-नद-कूल’ ||
सभी पढेँ जो ‘काव्य’ को, हों न कभी भी ‘खिन्न’ !
हे माँ ! मुझ पर कृपा कर, करो मुझे तुम धन्य !!३!!

मंगलवार, 1 जुलाई 2014

झरीं नीम की पत्तियाँ (दोहा-गीतों पर एक काव्य) (२)सरस्वती-वन्दना (ख)रस-याचना(vi)’शिव’-‘गंगा’ की ‘धार’

(सारे चित्र 'गूगल-खोज' से साभार !)




‘अकल्याण’ से दूर हो, हे माँ ! हर ‘रस-सार’ !

माता ! सारे ‘रस’ बनें, ‘शिव’-गंगा की ‘धार’ !!


माँ ! ‘विभाव’-‘अनुभाव’ हों, या ‘संचारी भाव’ !
या ‘स्थाई भाव’ हो, या ‘व्यभिचारी भाव’ !!
ये सारे ‘रस-अंग’ माँ, हरते रहें ‘तनाव’ !
’तट’ तक ‘नदिया-पार’ ज्यों, करती ‘अच्छी नाव’ ||
‘डुबा’ न पाये किसी को, ‘उलझन’ की ‘मंझधार’ !
माता ! सारे ‘रस’ बनें, ‘शिव’-गंगा की ‘धार’ !!१!!
‘वात्सल्य’ या ‘वीर रस’, ‘रौद्र’ या ‘वीभत्स’ |
या कि ‘भयानक रस’ तनिक, भी न कहीं हों ‘कुत्स’ !!
‘शान्त’ औ ‘गम्भीर रस’, रहें समेटे ‘ज्ञान’ !
तथा ‘भक्ति’, इन सभी से, मत उपजे ‘अभिमान’ !!
‘विकृत वासना’ से बचे, ‘रस-राजा श्रृंगार’ !!
माता ! सारे ‘रस’ बनें, ‘शिव’-गंगा की ‘धार’ !!२!!
‘उच्छृंखल’ मत ‘हास्य’ हो, करता रहे ‘विनोद’ !
                                                         ‘स्वस्थ’ ‘भावना’ को रखे, कर ‘आमोद-प्रमोद’ !!
रखे ‘संतुलन’, ‘सम दशा’, हर ‘रस’ की ‘निष्पत्ति’ !
‘असन्तुलन औ ‘विषमता’,से मत बढ़े ‘विपत्ति’ !!
‘सत्-रज-तम’ तीनों ‘गुणों’, में मत भरें ‘विकार’ !
माता ! सारे ‘रस’ बनें, ‘शिव’-गंगा की ‘धार’ !!३!!

सोमवार, 30 जून 2014

झरीं नीम की पत्तियाँ (दोहा-गीतों पर एक काव्य) (२)सरस्वती-वन्दना (ख)रस-याचना(v)करुण-गम्भीर-भक्ति-रस |

(सारे चित्र 'गूगल-खोज' से साभार !)


जीवन ‘करुणा’ के बिना, ‘शुष्क-रेत’ निस्सार |
अत: ‘करुण-रस’ से करो, नम सारे ‘’व्यवहार’ !!
 लुढ़के ‘रस’ की ‘गागरी’, करे ‘धरातल’ स्वच्छ !
ऐसे ‘नयनों’ से झरें, ‘अश्रु’ भिगो दें ‘वक्ष’ !!
करुण सदा ‘पर शोक’ में, रहें बसे ‘रस-स्रोत’ !
अम्ब ! ‘वेदना-वेद’ बन, जाये ‘तम’ में ‘ज्योति’ !!
‘पर-पीड़ा’ में लोग सब, रहें सदा तैयार !
अत: ’करुण-रस’ से करो, नम सारे ‘’व्यवहार’ !!१!!


‘दया-भाव’ हो ह्रदय में, सब के लिए समान !
वैर तजें सब के दुखों,का कर सकें ‘निदान’ !!
‘सागर’ सी ‘गम्भीरता’, मय हो ‘रस गम्भीर’ !
जिसमें ‘गोते’ लगाकर, ‘ज्ञानी’ बनें ‘सुधीर’ !!
‘दम्भ-क्रूरता’ रोग हैं, इनका हो ‘उपचार’ |
अत: ’करुण-रस’ से करो, नम सारे ‘’व्यवहार’ !!२!!
‘भक्ति-भावना’ से करे, हर जन ‘आत्मखोज’ !
‘आत्मा’ में ‘परमात्मा’, सा ‘जागृत’ हो ‘ओज’ !!
‘कण-कण’ में ही व्याप्त है, रमता अपना ‘राम’ |
‘ज्ञान-प्रेम’ ‘गति-शील’ हों, लगे न कभी ‘विराम’ !!
‘पर सेवा’ हित ‘भक्त जन’, सब पर रहें ‘उदार’ !
अत: ’करुण-रस’ से करो, नम सारे ‘’व्यवहार’ !!३!!



About This Blog

साहित्य समाज का दर्पण है |ईमानदारी से देखें तो पता चलेगा कि, सब कुछ मीठा ही तो नहीं , कडवी झाडियाँ उगती चली जा रही हैं,वह भी नीम सी लाभकारी नहीं , अपितु जहरीली | कुछ मीठे स्वाद की विषैली ओषधियाँ भी उग चली हैं | इन पर ईमानदारी से दृष्टि-पात करें |तुष्टीकरण के फेर में आलोचना को कहीं हम दफ़न तो नहीं कर दे रहे हैं !!

मेरे सभी ब्लोग्ज-

प्रसून

साहित्य प्रसून

गज़ल कुञ्ज

ज्वालामुखी

जलजला


  © Blogger template Shush by Ourblogtemplates.com 2009

Back to TOP