Blogger द्वारा संचालित.

Followers

शुक्रवार, 9 अगस्त 2013

मंगल-गीत (३)बिगड़ी दशा सुधारे |


================
दु:ख मत करें प्रवेश किसी भारतवासी के द्वारे |
’समय’ हमारे भारत माँ की बिगड़ी दशा सुधारे ||
================================
चन्दा बाँटे चन्दा बाँटे धुली चाँदनी मानो चाँदी पिघली |
बरसातों में किसी चमन को अब न उजाड़े बिजली ||
अमावसों में जलें दीप से झिलमिल झिलमिल तारे |
’समय’ हमारे भारत माँ की बिगड़ी दशा सुधारे ||१||

नदियाँ इसकी नित जल बाँटें, रहे धरा मत सूखी |
‘मनोभावना’ किसी ह्रदय में रहे न नीरस रूखी ||
युग युग तक सागर मेरे भारत के चरण पखारे |
’समय’ हमारे भारत माँ की बिगड़ी दशा सुधारे ||२||

असमय में ‘बरसात‘ बाढ़ से नाश के खेल न खेले |
या ‘अकाल’ का, ‘अनावृष्टि’ का दर्द न कोई झेले ||
अन्न-द रस ‘अमृत’ बरसाएँ, बस बादल कजरारे |
’समय’ हमारे भारत माँ की बिगड़ी दशा सुधारे ||३||

‘शरद’ सभी तालों में सुन्दर कमल-“प्रसून” खिलाये |
‘बसन्त’ उद्यानों में सुमनों के मन को महकाये ||
नाचें ‘तितली’ मोहक तान भरें ‘भँवरे’ मतवारे |
’समय’ हमारे भारत माँ की बिगड़ी दशा सुधारे ||४||
==================================

बुधवार, 7 अगस्त 2013

मंगल-गीत (२)भारत धरा हमारी |

=================
दशों दिशाओं में वरदायी, सुख की छटा हो प्यारी |
सारे जग को खुशी लुटाये, भारत-धरा हमारी ||
================================   
हरिश्चन्द्र सी दानवीरता, हम सब को सिखलायें |
माता पिता की सेवा श्रवण सी, सभी देश अपनायें ||
रन्तिदेव, शिवि, कर्ण आदि की त्याग से भरी कथायें |
सिखलाती हैं सेवा करना, भूल के निजी व्यथायें ||
मर्यादा की सीख राम से, सीखे दुनियाँ सारी |
सारे जग को खुशी लुटाये, भारत-धरा हमारी ||१||

कृष्ण से सीखें सदा सुदामा से निर्धन अपनाना |
भूल के वैभव अकूत धन का, मीत को गले लगाना ||
और बुद्ध से ‘राज-पाट’ तज, ‘राज-भवन’ से जाना |
‘शान्ति-खोज’ के लिये ‘भोग के सारे ‘स्वाद’ भुलाना ||
 सत्य-अहिंसा से से व्यवहारों की महके फुलवारी |
 सारे जग को खुशी लुटाये, भारत-धरा हमारी ||२||

चन्द्रगुप्त मौर्य से सीखें, साहस अडिग जुटाना |
सीखें हम चाणक्य से ‘मोती नीति के’ और लुटाना ||
और विक्रमादित्य से सीखें, ‘धर्म की अलख’ जगाना |
तथा हर्षवर्द्धन से सीखें, ‘दान की आन निभाना ||
और हठी हम्मीर के हठ पर, धर्म-धीर बलिहारी |
सारे जग को खुशी लुटाये, भारत-धरा हमारी ||३||

राणा प्रताप, शिवा सिखायें, स्वतंत्रता हित लड़ना |
मंगल पाण्डेय तात्या टोपे जैसे सीखें बनना ||
भगतसिंह, शेखर, बिस्मिल से, ‘बलि-वेदी’ पर चढ़ना |
गान्धी से हम सीखें,’सत्य-अहिंसा-व्रत’ पर अड़ना ||
“प्रसून” लक्ष्मी बाई सी हो ‘वीर-व्रती’ हर नारी |
सारे जग को खुशी लुटाये, भारत-धरा हमारी ||४||
=================================



मंगलवार, 6 अगस्त 2013

मंगल-गीत (१)राम करे !


मेरे प्रिय मित्रों, हाथ में फ्रेक्चर तथा पाँव  सहित सारे दायें  धड़ में कई घातक गुम् चोटें होने के कारण  इतनी समय से आप से अलग रहा | ०१ जूँ को एक दुर्घटना से पाया यह कष्ट अभी भी  है | ०१ जूँ से ०८ जुलाई तक लगे प्लास्तर के कटने के बाड़ अब कुछ दायें हाथ की उंगलियाँ चली हैं तो आप की सेवा में  लाभान्वित हूँ |
नवारम्भ मंगल गीतों से कर रहा हूँ |कुछ समय बाद अपनी बात भी कहूंगा जो कहता आया हूँ | अब यथा -
सम्भव नियमित जुड़ा रहने का प्रयास रहेगा | शेष इश्वर की इच्छा ! आप सब का आशीर्वाद !! शुभकामनाओं 
सहित एक आधुनिक बारहमासी प्रस्तुत है | बारहमासी  की लोक-गीत- परम्परा  को कुछ नये ढंग से प्रस्तुत करने का प्रयास है |आप का उत्साहवर्द्धक आशीष मिले |
=======
राम करे सारे भारत में पनपें खुशियाँ सारी |
रहें नाचते, हँसते-गाते, हर प्रदेश नर नारी ||
=============================
रोज़गार की कमी नहीं हो, काम सभी पा जायें |
अनब्याही बेटियाँ सरलता से अपाना वर पायें ||
जिनके जनक न पैसे वाले, वे भी रहें न क्वाँरी |
राम करे सारे भारत में पनपें खुशियाँ सारी ||१||

सावन ‘प्रेमी’ जोड़े  झूलें,  निर्भय प्यार के झूले |
‘प्रिय’ आ जायें ‘प्रिया-मिलन’ को, परदेशों में भूले ||
‘अभिलाषायें’ पूरी कर लें, तपीं विरह से ‘प्यारी’ |
राम करे सारे भारत में पनपें खुशियाँ सारी ||२||

भादों में हर  ‘राधा’ पाये,  अपना  ‘कुँवर कन्हाई’ |
‘प्यास’ बुझे, ‘जल-धार मिलन की’, बरसे राम दुहाई ||
‘गल बहियों’ में ‘हर्ष’ बटोरे, हर ‘सजनी’ मतवारी |
राम करे सारे भारत में पनपें खुशियाँ सारी ||३||

क्वाँर और कातिक में हर इक वर्ष रहे ‘खुशहाली’ |
सभी मनायें विजयादशमी औ जगमग दीवाली ||
हर मन रहे उजाला उजला, कहीं न हो अँधियारी |
राम करे सारे भारत में पनपें खुशियाँ सारी ||४||

अगहन, पूस, माह की ठण्डक, ‘बसन्त’ ले कर आये |
खिला हुआ हर फूल मनोहर, महकी गन्ध लुटाये ||
फागुन में होली के रंग में तार कर दे पिचकारी |
राम करे सारे भारत में पनपें खुशियाँ सारी ||५||

‘सुगढ़ व्यवस्था जल- वितरण की’, सब की प्यास बुझाये |
चैत और वैशाख, जेठ में ‘ताप’ न कहीं सताये ||
‘मानसून के बादल’ जनते रहें, ‘समुन्दर खारी; |
राम करे सारे भारत में पनपें खुशियाँ सारी ||६||

हर अषाढ़ में ’व्यास’ लुटायें अपने ‘ज्ञान’ की गरिमा |
बनी रहे सब के अन्तर में, घटे न ‘प्रीति- मधुरिमा’ ||
मिले ‘चेतना’ उम लोगों को, जिन की मति हो मारी |
राम करे सारे भारत में पनपें खुशियाँ सारी ||७||

दूर रहें ‘अभिशाप’, दिशायें, दस हों शुभ वरदायी |
मिलें किसी को दुःख तो सुख से हो उस की भरपाई ||
हर मौसम में “प्रसून” महकें, विहँस उठे  ‘किलकारी’ |
  राम करे सारे भारत में पनपें खुशियाँ सारी ||८||
======================================



About This Blog

साहित्य समाज का दर्पण है |ईमानदारी से देखें तो पता चलेगा कि, सब कुछ मीठा ही तो नहीं , कडवी झाडियाँ उगती चली जा रही हैं,वह भी नीम सी लाभकारी नहीं , अपितु जहरीली | कुछ मीठे स्वाद की विषैली ओषधियाँ भी उग चली हैं | इन पर ईमानदारी से दृष्टि-पात करें |तुष्टीकरण के फेर में आलोचना को कहीं हम दफ़न तो नहीं कर दे रहे हैं !!

मेरे सभी ब्लोग्ज-

प्रसून

साहित्य प्रसून

गज़ल कुञ्ज

ज्वालामुखी

जलजला


  © Blogger template Shush by Ourblogtemplates.com 2009

Back to TOP