Blogger द्वारा संचालित.

Followers

मंगलवार, 6 अगस्त 2013

मंगल-गीत (१)राम करे !


मेरे प्रिय मित्रों, हाथ में फ्रेक्चर तथा पाँव  सहित सारे दायें  धड़ में कई घातक गुम् चोटें होने के कारण  इतनी समय से आप से अलग रहा | ०१ जूँ को एक दुर्घटना से पाया यह कष्ट अभी भी  है | ०१ जूँ से ०८ जुलाई तक लगे प्लास्तर के कटने के बाड़ अब कुछ दायें हाथ की उंगलियाँ चली हैं तो आप की सेवा में  लाभान्वित हूँ |
नवारम्भ मंगल गीतों से कर रहा हूँ |कुछ समय बाद अपनी बात भी कहूंगा जो कहता आया हूँ | अब यथा -
सम्भव नियमित जुड़ा रहने का प्रयास रहेगा | शेष इश्वर की इच्छा ! आप सब का आशीर्वाद !! शुभकामनाओं 
सहित एक आधुनिक बारहमासी प्रस्तुत है | बारहमासी  की लोक-गीत- परम्परा  को कुछ नये ढंग से प्रस्तुत करने का प्रयास है |आप का उत्साहवर्द्धक आशीष मिले |
=======
राम करे सारे भारत में पनपें खुशियाँ सारी |
रहें नाचते, हँसते-गाते, हर प्रदेश नर नारी ||
=============================
रोज़गार की कमी नहीं हो, काम सभी पा जायें |
अनब्याही बेटियाँ सरलता से अपाना वर पायें ||
जिनके जनक न पैसे वाले, वे भी रहें न क्वाँरी |
राम करे सारे भारत में पनपें खुशियाँ सारी ||१||

सावन ‘प्रेमी’ जोड़े  झूलें,  निर्भय प्यार के झूले |
‘प्रिय’ आ जायें ‘प्रिया-मिलन’ को, परदेशों में भूले ||
‘अभिलाषायें’ पूरी कर लें, तपीं विरह से ‘प्यारी’ |
राम करे सारे भारत में पनपें खुशियाँ सारी ||२||

भादों में हर  ‘राधा’ पाये,  अपना  ‘कुँवर कन्हाई’ |
‘प्यास’ बुझे, ‘जल-धार मिलन की’, बरसे राम दुहाई ||
‘गल बहियों’ में ‘हर्ष’ बटोरे, हर ‘सजनी’ मतवारी |
राम करे सारे भारत में पनपें खुशियाँ सारी ||३||

क्वाँर और कातिक में हर इक वर्ष रहे ‘खुशहाली’ |
सभी मनायें विजयादशमी औ जगमग दीवाली ||
हर मन रहे उजाला उजला, कहीं न हो अँधियारी |
राम करे सारे भारत में पनपें खुशियाँ सारी ||४||

अगहन, पूस, माह की ठण्डक, ‘बसन्त’ ले कर आये |
खिला हुआ हर फूल मनोहर, महकी गन्ध लुटाये ||
फागुन में होली के रंग में तार कर दे पिचकारी |
राम करे सारे भारत में पनपें खुशियाँ सारी ||५||

‘सुगढ़ व्यवस्था जल- वितरण की’, सब की प्यास बुझाये |
चैत और वैशाख, जेठ में ‘ताप’ न कहीं सताये ||
‘मानसून के बादल’ जनते रहें, ‘समुन्दर खारी; |
राम करे सारे भारत में पनपें खुशियाँ सारी ||६||

हर अषाढ़ में ’व्यास’ लुटायें अपने ‘ज्ञान’ की गरिमा |
बनी रहे सब के अन्तर में, घटे न ‘प्रीति- मधुरिमा’ ||
मिले ‘चेतना’ उम लोगों को, जिन की मति हो मारी |
राम करे सारे भारत में पनपें खुशियाँ सारी ||७||

दूर रहें ‘अभिशाप’, दिशायें, दस हों शुभ वरदायी |
मिलें किसी को दुःख तो सुख से हो उस की भरपाई ||
हर मौसम में “प्रसून” महकें, विहँस उठे  ‘किलकारी’ |
  राम करे सारे भारत में पनपें खुशियाँ सारी ||८||
======================================



गुरुवार, 30 मई 2013

झरीं नीम की पत्तियाँ (दोहा-गीतों पर एक काव्य) (ड) मीनार(विकास की खोखली ऊंचाई ) (५)चकाचौंध (iii) ‘धर्म’ का ‘खून’ |


भीषण जन-समस्याएं जैसे बेरोज़गारी और भुखमरी तथा अनिवार्य आवश्यकतायें एवं नशाखोरी की लत -उस की  पूर्ति के लिये अनर्गल प्रयास  आदि खूनी आतंक वाद का कारण हैं |
सारे चित्र 'गूगल-खोज से साभार)

==========
‘खूनी होली’  खेलते,  हैं  ‘अधर्म के लाल’ |
हुई ‘धर्म’ के ‘खून’ से, सारी ‘धरती’ लाल  ||
=============================

‘राजनीति’  के  ‘कोढ़’  में,  ‘भ्रष्टाचार की खाज’ |
‘मज़मा’  रोज़     बटोरते,  ‘झूठे भाषण बाज़’ ||
खोल  ‘कपट  की  पोटली’, ‘वादे’  रहे   हैं  बाँट |
किन्तु अभी तक ‘उलझनों’, की न खुल सकी गाँठ ||
नेता   बन   ‘बहुरूपिये’,   बजा   रहे  हैं  गाल |
हुई ‘धर्म’ के  ‘खून’ से,  सारी  ‘धरती’  लाल  ||१||


युवक   हैं  ‘ठाली’   घूमते,  रोज़गार  से  हीन  |
इन  को  कर  के  संगठित,  ‘धूर्त  नीति-प्रवीण’ ||
‘उपद्रवी’ कुछ  बना  कर,  के  इन को  ‘हथियार’ |
भडकाते  हैं  इन्हें  कह,   कर  बातें   दो  चार ||
‘तोड़ - फोड़’,  ‘खूंरेजियों,  के  हो  रहे   ‘बबाल’  |
हुई ‘धर्म’ के  ‘खून’ से,  सारी  ‘धरती’  लाल  ||२||


अपना  उल्लू  साधने,   में  माहिर  कुछ  लोग |
भिड़ा के ‘जनता’  को  स्वयं, खाते  ‘मोहन भोग’ ||
‘हिंसा’  को  भड़का  रहे,  ‘समानता’  के  नाम |
‘साम्यवाद’  को  कर  रहे,  कुछ  ‘पापी बदनाम’ ||
‘भोले भावुक लोग’  कुछ,  फँसते  इन के  ‘जाल’ |
हुई ‘धर्म’ के  ‘खून’ से,  सारी  ‘धरती’  लाल  ||३||
===================================
===================================

बुधवार, 29 मई 2013

झरीं नीम की पत्तियाँ (दोहा-गीतों पर एक काव्य) (ड) मीनार(विकास की खोखली ऊंचाई ) (५)चकाचौंध (ii) ‘ऊँची उड़ान’ |



=============
‘चन्दा सूरज’ की तरफ़,   है इस का ‘अभियान’ |                                                         ‘प्रगति के पँछी’ ने  बहुत, ऊँची  भरी   ’उड़ान’  ||

================================
भूल  गया   यह  ‘बावला’,   जल  जायेंगे  ‘पंख’ |
‘परों’ में  इस  के ‘पाप’  के, कितने छिपे ‘कलंक’ ||
‘खूनी पंजे’  हैं  तथा,   खूनी   इस   की  ‘चोंच’ |
‘चंगुल’ में  इस  ने  लिया, ‘मानवता’ को दबोच  ||
‘प्रगति’ नहीं यह ‘सिंधु’ में, ‘ज्वार’ काउठा ‘उफ़ान’ |
‘प्रगति  के  पँछी’  ने बहुत, ऊँची भरी   ’उड़ान’  ||१||


‘समानता’ के लिये  उफ़,  इतना  बढ़ा  ‘जुनून’ |
‘हक़’  पाने  के  लिये  यों,   बहा रहे  हैं खून  ||
‘इन्कलाब’ के नाम पर, यह  ‘नफ़रत’ की आग’ |
उगल  रहे हैं  ‘अज़दहे’,  हे  ‘समाज’  तू जाग !! 
‘समाधान’ के लिये अब, कर  तू  ‘यत्न-विधान’ |
‘प्रगति के पँछी’  ने बहुत, ऊँची  भरी   ’उड़ान’  ||२||


‘जलते  हुये  सवाल’ कुछ,  जला  रहे  ‘क़ानून’ |
इंसानों   को   गोलियों,   से   देते   हैं  भून ||
इन  घटनाओं  के  लिये,  कौन  है  जिम्मेदार |
जान  न  पाये  ‘राज - पद’,  ‘ऊँचे  ओहदेदार’ ||
कोई  बतलाये  हमें,   करेगा   कौन  ‘निदान’ |
‘प्रगति के पँछी’ ने बहुत,  ऊँची भरी   ’उड़ान’  ||३||


==================================

         

About This Blog

साहित्य समाज का दर्पण है |ईमानदारी से देखें तो पता चलेगा कि, सब कुछ मीठा ही तो नहीं , कडवी झाडियाँ उगती चली जा रही हैं,वह भी नीम सी लाभकारी नहीं , अपितु जहरीली | कुछ मीठे स्वाद की विषैली ओषधियाँ भी उग चली हैं | इन पर ईमानदारी से दृष्टि-पात करें |तुष्टीकरण के फेर में आलोचना को कहीं हम दफ़न तो नहीं कर दे रहे हैं !!

मेरे सभी ब्लोग्ज-

प्रसून

साहित्य प्रसून

गज़ल कुञ्ज

ज्वालामुखी

जलजला


  © Blogger template Shush by Ourblogtemplates.com 2009

Back to TOP