Blogger द्वारा संचालित.

Followers

गुरुवार, 24 जनवरी 2013

विवेकोर्मि (स्वामी विवेकानन्द पर आधारित एक अपूर्ण महाकाव्य )


=========

   सर्ग-२
==========
(विवेकानन्द-महिमा)
(द्वितीय अन्विति)


‘सामाजिक भावना’ हृदय से उन्मूलित हो क्षीण हुई |
‘शक्ति विचारों की’ हर मन में ‘श्री-आभा’ से हीन हुई ||
बिना ‘आस्था’, ‘भक्ति-भावाना’, जैसे जल बिन मीन हुई |
फलत:, भारत देश की जनता, दुखी, आर्त औ दीन हुई ||
संयम, शान्ति, सुनीति, प्रीति, श्रद्धा अँगुलियों वाले कर-
लेकर दुखते ‘मानव-मन’ को वे सहलाने आये थे ||
‘ढारस’ दे कर जन जन का चित, वे बहलाने आये थे |
और ‘सान्त्वना’ के ‘मरहम’ का लेप लगाने आये थे ||
यों हर ‘व्रीडा’ की ‘पीड़ा’ को, दूर भगाने आये थे |
वीर विवेकानन्द जगत में ‘ज्योति’ जगाने आये थे ||४||

‘कर्म-हीनता’ के चंगुल में अकडे जकड़े फँसे हुये |
‘काम, क्रोध,मद, लोभ,मोह की अँगुलियों में कसे हुये ||
उड़ न सकेंगे ‘मुक्त गगन’ में, ‘भाव’ हृदय में बसे हुये |
‘दुर्विचार’ नैराश्य-भाव के, ‘अन्तस्तल’ में गसे हुये ||
‘युग-पक्षी’ के ‘ज्ञान-कर्म’ के ‘दोनों पंख’ गिरे कट कर-
‘क्रूर काल’ के ‘कुटिल व्याध’ से उसे छुडाने आये थे ||
‘श्रेय-प्रेय’ के पंख लगा कर- उसे उड़ाने आये थे |
‘चरैवेति बस चरैवेति’ का पाठ पढाने आये यहे ||
‘श्रेष्ठ हो जो उसे विकासों’ मन्त्र सिखाने आये थे |
वीर विवेकानन्द जगत में ‘ज्योति’ जगाने आये थे ||५||


भय से व्याकुल सहमा सहमा, अपना भारत निखिल हुआ |
दबी हुई ‘अभिव्यक्ति’ मूक हो गयी, इस तरह विकल हुआ ||
‘अपने मन की’ कह सकने के, हर प्रयास में विफल हुआ |
‘रूप-शब्द’ का ‘शाश्वत बन्धन’, तार तार हो शिथिल हुआ ||
‘ओम् भूर्भुव: स्व: तप: जन और सत्य’ के सातों स्वर-
सब के मन की ‘नीरवता’ में यहाँ सजाने आये थे ||
या कि ‘अलौकिक सरगम वाली बीन बजाने आये थे |
या ‘साहस का निर्भयता का शंख’ बजाने आये थे ||  
कापुरुषों को ‘वीरोचित नव नीति’ सुझाने आये थे |
वीर विवेकानन्द जगत में ‘ज्योति’ जगाने आये थे ||६||


बिना कर्म के ‘फल की चाहत’, ‘काँटों की विष बेलि’ बनी |
‘अमर बेलि, आकाश वल्लरी’ जैसी मन पर हुई घनी ||
‘सत् का मधुरस’ चूस चूस कर, व्यह पनपी थी बनी ठनी |
ग्रसित, ‘कलह’ के दारुण दुःख से, व्याकुल थी सारी अवनी ||
इस ‘धरती-उद्यान अखिल’ का, ‘प्रेम-सुरस’ से सिंचन कर-     
गीता के ‘निष्काम कर्म’ का बोध कराने आये थे||
‘भेद-हीन मानवीय धर्म’ का शोध कराने आये थे |
‘भटके को पथ बतलाने की’ रीति निभाने आये थे ||
हमें श्रेष्ठ ‘सत्कर्म-साधना-पन्थ’ बताने आये थे |
वीर विवेकानन्द जगत में ‘ज्योति’ जगाने आये थे ||७||


‘मन-सरवर’ में ‘कमल प्रेम के’, निराभ हो कर मुरझाये |
‘घृणा वैर’ के, ‘वैमनस्य’ के, ‘झाड़ घिनौने’ उग आये ||
‘नीर-आचरण’ में ‘कुभाव’ कुछ, ‘जलकुम्भी’ से छितराये |
मन के बाहर, ‘विकार लोलुप’, ‘काई’ जैसे उतराये ||
‘अटल इरादे की कुदाल’ से, जिसकी ‘तीखी धार’ प्रखर-
‘स्वामी जी’, ‘आचरण-क्यारियाँ, पुन: निराने आये थे ||
‘कलह-द्वन्द’ की, ‘अडिग हठी दीवार’ गिराने आये थे |
‘मन के विमल नीर’ में, ‘नीरज-प्रेम’ खिलाने आये थे ||
विमुख हुये जो उन ‘हृदयों’ से ‘ह्रदय’ मिलाने आये थे |
वीर विवेकानन्द जगत में ‘ज्योति’ जगाने आये थे ||८||
                            (क्रमश:)

मंगलवार, 22 जनवरी 2013


विवेकोर्मि (स्वामी विवेकानन्द पर आधारित एक अपूर्ण महाकाव्य )


वर्षों पूर्व लिखा गये महाकाव्य की प्रति कुछ दिवस पूर्व दिखाई पड़ 

गयी, सो, इसे इस ब्लॉग पर धारावाहिक रूप में प्रकाशित कर रहा 

हूँ | प्रस्तावित बारह सर्गों में से लिख गये ९ सर्ग आप की सेवा में 

प्रेषित हैं | विवेकानन्द की १५० वीं जयंती के इस शुभ मास में 

उन्हें याद करने वाले द्वितीय सर्ग से प्रारम्भ कर रहा हूँ |

(इस अन्विति के बाद पुन: सर्ग एक से ही पुनरारंभ करूँगा |) =========
   सर्ग-२
==========
(विवेकानन्द-महिमा)
(प्रथम अन्विति) 


वीर विवेकानन्द जगत में ‘ज्योति’ जगाने आये थे |
‘मानवता के मूल्य’ मर चले, उन्हें जिलाने आये थे ||
‘धर्म’ निराश हुआ था, उसको आस दिलाने आये थे |
‘परमार्थ का और प्रेम का स्वरस’पिलाने आये थे ||
===================================
बंजर ‘मन की धरा’ हो चली, ऊसर ‘चिन्तन’ हुये सभी |
सूने सूने ‘आचरणों के वन औ उपवन’ हुये सभी ||
‘कलिकाओं, सुमनों’ के फीके फीके ‘प्रहसन’ हुये सभी |
और ‘प्रेरणा के भ्रमरों’ के शान्त ‘गुन्जन’ हुये सभी ||
‘जन गण का विशवास’ जगाने, ‘आशा-वसन्त’ को ले कर-
त्याग तपो मय ‘सुरभि-कणों’ से जग महकाने आये थे ||
‘मन की धरती’ पर ‘प्रज्ञा-हल’ और चलाने आये थे |
‘आशाओं के मरुद्यान’ में, ‘सुमन’ खिलाने आये थे ||
‘आत्मतत्व के विचार सब को, सहज दिलाने आये थे |
वीर विवेकानन्द जगत में ‘ज्योति’ जगाने आये थे ||१||

‘पाश्चात्य संस्कृति’ का ‘दुर्दम भोगवाद’ था पनप रहा |
‘अपने लिये संकुचित जीवन’ का विवाद था पनप रहा ||
‘खाओ पियो मज़े लूटो’ का ‘घृणित नाद’ था पनप रहा |
जन जन में ‘तन-वर्ण-भेद’ का दुर्विवाद’ था पनप रहा ||
‘ज्ञान-दीप’ को लिये करों में, उर में ले कर ‘प्रेम अमर’-
वे सब को ‘सभ्यता का पावन पन्थ’ दिखाने आये थे ||
‘मानव में परमात्म तत्व’ है, ‘मंत्र’ सिखाने आये थे |
‘कण कण में बस एक सत्व है’, यही बताने आये थे ||

‘और एकता मानवता है’, हमें जताने आये थे |
वीर विवेकानन्द जगत में ‘ज्योति’ जगाने आये थे ||२||

‘वेद-ज्ञान’ के सब ग्रन्थों का ‘अर्थ-अनर्थ’ किया सब ने |
जग में ‘जीवन का हर पल क्षण’, यों ही व्यर्थ किया सब ने ||
अपने चारों ओर ‘लोभ का गहरा गर्त’ किया सब ने |
‘आत्मतेज’ कर क्षीण, ‘काम’ को ‘प्रबल-समर्थ’ किया सब ने ||
वेदान्तों, उपनिषदों, शास्त्रों की ले कर ‘उर्बरक प्रवर’-
छुपे हुये ‘ऊर्जा के अंकुर’ पुन: उगाने आये थे ||
‘हृत्तल’में सोई ‘प्रभु सत्ता’ पुन: जगाने आये थे |
‘लिप्सा की पापिनी निठुर दानवी’ भगाने आये थे ||
और ‘स्नेह रंग’ से’मन-चादर’ पुन: रंगाने आये थे |
वीर विवेकानन्द जगत में ‘ज्योति’ जगाने आये थे ||३|| 
                                           
                              (क्रमश:)
                

सोमवार, 21 जनवरी 2013

!इन्हें पहँचानिये!(१) ‘प्यास’ जगाने वाले लोग | –


आठ दिनों के लम्बे अंतराल के बाद उपस्थित हो कर क्षमा के अतिरिक्त क्या मांग सकते हैं आप सब से ? निकट भविष्य में (१४ फरवरी) होने वाली  बेटी की शादी की तैयारियों  में उलझे होने के कारण समय से  तथा नियमित रूप  से उपस्थिति न होने का कष्ट मुझे बहुत है |

इस समय अभी विप्लव शान्त नहीं हुआ है, डाल दी गयी 'राख' के 


भीतर भीतरसुलग रही 'आग' के भडकाने का डर बना हुआ है | धीरे 

धीरे बुझती इस 'आग'के साथ रचानाओं में भी आनुपातिक शीतलता

दिखाई देती है | 

'प्रसून' ब्लॉग पर आज से स्वामी विवेकानन्द पर 

आधारित महाकाव्य 'विवेकोर्मि' आप की सेवा में 

समर्पित है सुझाव-

(सारे चित्र 'गूगल-खोज' से साभार)   
!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!
जब माँगो तो ‘मजबूरी’ कह,  ‘नज़र’ बचाने वाले लोग |
दिखा के ‘जल से भरी सुराही’, ‘प्यास’ जगाने वाले लोग ||

======================================
‘हमदर्दी के ‘स्वाँग’ में माहिर, नाटक रोज़ रचाते हैं |
‘माल मुफ़्त का’ पा जायें तो, उसको तुरत पचाते हैं ||
‘मजमे’, ‘जलसे’, ‘जुलूस’, वाले, ‘तथाकथित’ कुछ ‘नेता’ हैं-
केवल ‘भाषण’ में ‘निर्धनता’ दूर भगाने वाले लोग ||
जब माँगो तो ‘मजबूरी’ कह,  ‘नज़र’ बचाने वाले लोग |
दिखा के ‘जल से भरी सुराही’, ‘प्यास’ जगाने वाले लोग ||१||

 

‘बड़े सुहाने रंग स्नेह के’, ‘मन’ पर चढ़े उतार दिये |
‘आदर्शों की तस्वीरों’ के ‘सारे अक्स’ बिगार दिये ||
‘छल की कूँची’, ‘रंग कपट के’, ‘चित्रकार शैतान’ हैं ये-
‘झूठ की आकृति’ उभार कर के, ‘चित्र बनाने वाले लोग ||
जब माँगो तो ‘मजबूरी’ कह,  ‘नज़र’ बचाने वाले लोग |
दिखा के ‘जल से भरी सुराही’, ‘प्यास’ जगाने वाले लोग ||२||


‘प्रेम के कई परिन्दों’ के हैं ‘पर’ काटे ‘लाचार’ किये |
‘अमन’ के सभी ‘कबूतर’ मारे, ‘प्यार के खंजन ‘ मार दिये ||
’राजनीति के धनुष’, ‘स्वार्थ के हाथों’ में थामे देखो-
‘कूटनीति के पैने पैने तीर’ चलाने वाले लोग ||
जब माँगो तो ‘मजबूरी’ कह,  ‘नज़र’ बचाने वाले लोग |
दिखा के ‘जल से भरी सुराही’, ‘प्यास’ जगाने वाले लोग ||३||


देश में छुपे लोग हैं लाखों, जिन से हारी ‘मक्कारी’ |
‘ठण्डी द्वेष की बुझी राख’ में, तलाश कर के ‘चिनगारी’ ||
‘बोल’ बोल कर ‘अर्थहीन’ कुछ, ‘व्यर्थ विवाद’ उगलते हैं-
‘शान्ति-वन’ में फूँक के ‘हिंसा’, ‘आग’ लगाने वाले लोग ||
जब माँगो तो ‘मजबूरी’ कह,  ‘नज़र’ बचाने वाले लोग |
दिखा के ‘जल से भरी सुराही’, ‘प्यास’ जगाने वाले लोग ||४||


‘अजब सरफिरे’, ‘शान्ति-प्रेम’ से है इनको ‘अलगाव’ हुआ |
‘महक’ से ज़्यादह, ‘चुभन’ से इनको, कितना अजब लगाव’ हुआ ||
‘बड़ी नुकीली सोच’ है इनकी, ‘दर्द’ बाँटने के शौक़ीन-
“प्रसून” के बाग में ‘नागफनी की फ़सल’ उगाने वाले लोग ||
जब माँगो तो ‘मजबूरी’ कह,  ‘नज़र’ बचाने वाले लोग |
दिखा के ‘जल से भरी सुराही’, ‘प्यास’ जगाने वाले लोग ||५||
=========================================

About This Blog

साहित्य समाज का दर्पण है |ईमानदारी से देखें तो पता चलेगा कि, सब कुछ मीठा ही तो नहीं , कडवी झाडियाँ उगती चली जा रही हैं,वह भी नीम सी लाभकारी नहीं , अपितु जहरीली | कुछ मीठे स्वाद की विषैली ओषधियाँ भी उग चली हैं | इन पर ईमानदारी से दृष्टि-पात करें |तुष्टीकरण के फेर में आलोचना को कहीं हम दफ़न तो नहीं कर दे रहे हैं !!

मेरे सभी ब्लोग्ज-

प्रसून

साहित्य प्रसून

गज़ल कुञ्ज

ज्वालामुखी

जलजला


  © Blogger template Shush by Ourblogtemplates.com 2009

Back to TOP