Blogger द्वारा संचालित.

Followers

शुक्रवार, 22 जून 2012

शंख नाद (एक ओज गुणीय काव्य) (अ) वन्दना (१) प्रभु-वन्दना (हे प्रियतम पूर्ण निर्विकार !!

      


हे प्रियतम पूर्ण  निर्विकार ! 

!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!
 
किस युग में व्याप्त रहा न मल |
किस युग में रहा न पाप प्रबल ||
तुम पूर्ण तया निर्लिप्त रहे -
ज्यों पंक-ताल में खिले कमल ||
सत्,रज,तम तीनों अपना कर -
तुम हरते आये हर विकार ||
हे प्रियतम पूर्ण निर्विकार !!१!!
    

      
    
सतयुग, त्रेता,द्वापर युग में |
जब अनाचार फैला जग में ||
तुम सत्य और शिव या सुन्दर -
रंग स्वयम् को प्रियतम हर रंग में||
मर्यादा, लीला, माया धर-
हरते हो समस्या दुर्निवार ||
हे प्रियतम पूर्ण निर्विकार !!२!!   
  

   
देखो फिर रावणऔर कंस |
हिरणाकश्यप के जगे वंश ||
त्रिपुरासुर अशिव कामना के -
करते 'शिव' का हैं नाश ध्वन्स ||
तुम राम, कृष्ण या शिव बन कर -  
दो इन्हें सहज ही आज मार ||
हे प्रियतम पूर्ण निर्विकार !!३!!
    
    
फूँको कोई प्रेरणा -शंख |
मेटो निद्रा ,आलस् कलंक ||
सत् -तेज की तेज़ कटारी से -
काटो अँधियारे पाप-पंख ||
ले धनुष बाण या शूल-चक्र -
तुम करो धरा का  महोद्धार ||
हे प्रियतम पूर्ण निर्विकार !!४!!
         
तुमको कोंई कहता 'ईश्वर' |
'भगवान'- 'खुदा'- 'रब' संज्ञा धर ||
 मैंने माना मन-मीत तुम्हें-

हे दया-कृपा-करुणा सागर ||
बन बुद्ध बुद्धि को चेतन कर -
युग का कर दो आकर सुधार ||
हे प्रियतम पूर्ण निर्विकार !!५!!
    
हे व्यष्टि ब्रह्म!तुम ही समष्टि |
सब पर रखते तुम ही सुदृष्टि ||
ऊसर धरती के लिये मीत!
उर्बरा बनाने हेतु 'वृष्टि' ||
मन प्रेम-सुधा -रस से सूखे -
बरसाओ इन पर सरस धार ||
हे प्रियतम पूर्ण निर्विकार !!६!!
 
व्यापा कितना कलि का जूनून |
मानवता का करता है खून ||
दुर्दशा समय की देख देख -
व्याकुल देखो कितने "प्रसून" ||
युग -परिवर्तन करने आओ -
हरने आओ हर पाप-भार ||
हे प्रिय पूर्ण निर्विकार !!७!! 
   



मंगलवार, 19 जून 2012

बंजर दिल की धरती। ( ह्कीक़त की एक गज़ल)



प्यार का फूटा नहीं है ,एक अंकुर देखिये।
दिल की धरती हो गयी है,कितनी बंजर देखिये।।
खाद,पानी 'प्रेरणा' के हो गये हैंसब विफल-
आचरण की स्थली अब बहुत ऊसर देखिये||
   
  
सबके जज्वातों की चोटों का असर मुझ पर हुआ-
दर्द का छलका है आँखों में समुन्दर देखिये ||
  
कल तलक थीं रोशनी की धुंधली उम्मीदें मगर-
आज फिर छाया हुआ कोहरे का मंज़र देखिये||
  
मैंने सोचा था कि उनको दोस्त का दूं मर्तबा-
पर उन्होंनेपीठ पर मारा है खंज़र देखिये||
  
'प्रसून'अंगों से लगेजो गगन बेली की तरह-
जोड़ कर सम्बन्ध पीते,लहू शातिर देखिये||




गज़ल कुञ्ज (गज़ल-संग्रह) (अ) प्रणाम (आराधना गज़ल)- (१)प्रियतम प्रणाम-(क) हे प्रियतम पूर्ण निर्विकार


१) प्रियतम-प्रणाम

=============
(क) हे प्रियतम पूर्ण निर्विकार 
००००००००००००००००००००

 
तुम प्रकाश,तुम हो अंधकार| 
हे प्रियतम पूर्ण निर्विकार ||
 

निगमागम तुम्हीं अपारगम्य|
पा सकता तुम से कौन पार?? 

 

 प्रियतम तुम ब्रह्म,तुम्हीं माया-
तुम असत्,किन्तु तुम सत् अपार|| 

 
तुम हो समष्टि,हो व्यष्टि तुम्हीँ-
आकार-हीन तुम महाकार||              
   

 निष्काम,कामना हो सब में-
संसृति तुम, फिर भी हो असार||


तुम परम शून्य, तुम हो अनंत-
निर्गुण तुम फिर भी गुणाकार||
  

प्रिय,'अस्तिनास्ति'से परे हो तुम-
तुम को प्रणाम शत कोटि बार||
 
अनिकेत व्याप्त हो कण कण में-
सब के आधार हो निराधार ||
 
है "प्रसून" प्रियतम, शरणागत-
भव-सिंधु से कर दो इसे पार|| 

 
 



About This Blog

साहित्य समाज का दर्पण है |ईमानदारी से देखें तो पता चलेगा कि, सब कुछ मीठा ही तो नहीं , कडवी झाडियाँ उगती चली जा रही हैं,वह भी नीम सी लाभकारी नहीं , अपितु जहरीली | कुछ मीठे स्वाद की विषैली ओषधियाँ भी उग चली हैं | इन पर ईमानदारी से दृष्टि-पात करें |तुष्टीकरण के फेर में आलोचना को कहीं हम दफ़न तो नहीं कर दे रहे हैं !!

मेरे सभी ब्लोग्ज-

प्रसून

साहित्य प्रसून

गज़ल कुञ्ज

ज्वालामुखी

जलजला


  © Blogger template Shush by Ourblogtemplates.com 2009

Back to TOP